मुख्य समाचार

शौचालय निर्माण व सोलर चर्खा के लिए ग्रामीण बैंक देगा लोन 

पटना। उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सुशील कुमार मोदी ने शौचालय निर्माण व पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर नवादा में संचालित सोलर चर्खा के लिए ऋण देने का निर्देश मध्य बिहार ग्रामीण बैंक प्रबंधन को दिया है। साथ ही पंचायत शिक्षकों को उनकी जरूरत के अनुसार ऋण देने का भी निर्देश दिया है। उप मुख्यमंत्री ने मध्य बिहार ग्रामीण बैंक के चेयरमैन समेत अन्य वरीय अधिकारियों के साथ सचिवालय में बैठक की। 
मध्य बिहार ग्रामीण बैंक की 11 जिलों में 698 शाखाएं हैं। इनसे जीविका के 86 हजार समूह जुड़े हैं। एक समूह में 15 सदस्य हैं। करीब 13 लाख जीविका सदस्यों को लिंक कर बैंक उन्हें शौचालय बनाने के लिए प्रति परिवार 12 हजार रुपये का कर्ज देगा। लाभुक परिवार प्रोत्साहन राशि मिलने के बाद बैंक को कर्ज की अदायगी करेगा। बैंक ने अब तक ऋण देकर 1100 शौचालय बनवाए हैं।
नवादा में संचालित हो रही सोलर चर्खा पायलट योजना के लिए बैंक हर लाभुक को 40 हजार की दर से दो इकाई के लिए 80 हजार रुपये का कर्ज देगा। सोलर चर्खा की प्रति इकाई से प्रतिदिन तीन से चार सौ की आमदनी होगी, जिससे कर्ज की राशि भी आसानी से चुकता होगी। उपमुख्यमंत्री ने पंचायत शिक्षकों को उनकी जरूरत के अनुसार कर्ज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत के शिक्षक वेतनभोगी होने के साथ 60 साल आयु तक सेवा देंगे। ऐसे में उनकी सेलरी अकाउंट को लिंक कर बैंक उन्हें जरूरत का कर्ज मुहैया कराए।

बैठक में मध्य बिहार ग्रामीण बैंक के चेयरमैन नसीम अहमद, क्षेत्रीय प्रबंधक कुमार रत्नेश रंजन समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
 


संबंधित खबरें