पटना। लघु खनिज अधिनियम 2017 व परिवहन शुल्क में भारी वृद्धि के विरोध में बुधवार की रात से सूबे के ट्रांसपोर्टर्स अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। दो दिनों से मालवाहक वाहनों का परिचालन बाधित है। आवश्यक वाहनों को हड़ताल से अलग रखा गया है। ऑल इंडिया गुड्स मोटर व्हेकिल ऑनर एसोसिएशन ने भी हड़ताल का समर्थन किया है।
बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के अध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह ने बताया कि हड़ताल का समाधान नहीं निकलने पर 25 नवंबर को सभी बस एवं आॅटो चालक भी एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल के समर्थन के लिए बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स से अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि नये खनिज कानून व परिवहन शुल्क में वृद्धि को लेकर सरकार को पत्र भेजा गया था। कोई कार्रवाई नहीं होने पर ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल का निर्णय लिया है। हड़ताल के दौरान अनिवार्य सेवा बाधित नहीं होगी।