मुख्य समाचार

जीएसटीएन संचालन के लिए राज्यों में तैनात किए गए स्थायी इंजीनियर 

पटना। जीएसटी नेटवर्क (जीएसटीएन) क्रियान्वयन के लिए गठित मंत्री समूह की बेंगलुरु में चौथी बैठक हुई । इन्फोसिस के चेयरमैन नंदन निलेकणि से मिलने के बाद उप मुख्यमंत्री सह समूह के अध्यक्ष सुशील कुमार मोदी ने बताया कि इन्फोसिस की ओर से पिछले दो सप्ताह में सौ नए आईटी इंजीनियर समेत 621 इंजीनियर नेटवर्क के क्रियान्वयन के लिए तैनात किए गए हैं। बिहार सहित सभी राज्यों में जीएसटी नेटवर्क में आ रही समस्याओं के समाधान व समन्वय के लिए स्थायी आईटी इंजीनियर की नियुक्ति की गई है।  
मोदी ने जीएसटीएन की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सितंबर की तुलना में अक्तूबर में राजस्व संग्रह में करीब 2 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। सितंबर में जहां पूरे देश  में 93,141 करोड़, वहीं अक्तूबर में 95,131 करोड़ राजस्व का संग्रह हुआ है। अगस्त में राज्यों के राजस्व की औसत कमी जहां 28.4 फीसदी (12,208 करोड़) थी, वहीं अक्तूबर में यह घट कर 17.6 प्रतिशत (7,560 करोड़) हो गई है। यह दर्शाता  है कि जीएसटी धीरे-धीरे स्थायित्व प्राप्त कर रहा है, जिससे राजस्व संग्रह में वृद्धि हो रही है। 
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 200 से अधिक रोजमर्रे की चीजों पर कर की दर 28 से घटा कर 18 प्रतिशत कर देने से करों की दर से संबंधित 80 फीसदी मामले सुलझ गए हैं। अब प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर जोर है। इन्फोसिस के चेयरमैन सहित उनकी पूरी टीम ने आश्वस्त किया है कि रिटर्न फॉर्म, एचएसएन कोड व इनवॉयस मैचिंग की जटिलताओं को भी शीघ्र ही दूर कर दिया जायेगा।


संबंधित खबरें