मुख्य समाचार

जीएसटी पवेलियन में आकस्मिक पंजीकरण भी करा रहे हैं कारोबारी

नई दिल्ली/एजेंसी। प्रगति मैदान में चल रहे भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के जीएसटी पवेलियन में आम जनता के साथ कारोबारियों को जीएसटी की जानकारी दी जा रही है। दूसरे राज्यों से आए कारोबारी यहां आकस्मिक पंजीकरण भी करा रहे हैं ताकि वे यहां बेचे गये माल पर जीएसटी का भुगतान कर सकें।
एक राज्य में पंजीकृत कोई कारोबारी जब दूसरे राज्य में प्रदर्शनी व व्यापार मेले में भागीदारी करते हुए माल बेचता है, तो उसे उस राज्य में माल की बिक्री पर जीएसटी भुगतान के लिए आकस्मिक पंजीकरण कराना होता है। जीएसटी कानून में ऐसा प्रावधान है।
प्रगति मैदान के हॉल नंबर 18 में उत्पाद एवं सीमा शुल्क तथा सेवाकर बोर्ड के प्रचार एवं जन संपर्क निदेशालय ने जीएसटी मंडप लगाया है। जीएसटी मंडप में आए कुछ लोगों ने बताया कि अंतरराज्यीय कारोबार होने की वजह से हमने जीएसटी पंजीकरण ले लिया, लेकिन हमारा कारोबार मात्र आठ से दस लाख रुपये सालाना है। जीएसटी में 20 लाख रुपये सालाना कारोबार तक छूट है। ऐसे में अब हम पंजीकरण रद्द कराना चाहते हैं। इसकी क्या प्रक्रिया है। यह जानने यहां आए हैं। जवाब में बताया गया है कि नवंबर अंत तक इस तरह की सुविधा उपलब्ध करा दी जायेगी। 
सीबीईसी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में अधीक्षक आर खन्ना ने बताया कि लोगों को जीएसटी के बारे में जागरूक करने का काम किया जा रहा है। जीएसटी को लेकर जो भी समस्या व गलतफहमी लेकर कोई आता है, उसे दूर करने का प्रयास हो रहा है। पवेलियन में छह हेल्प डेस्क बनाये गये हैं। तीन जीएसटी, एक सीमा शुल्क जबकि दो हेल्प डेस्क जीएसटी नेटवर्क पर बनाये गये हैं।


संबंधित खबरें