मुख्य समाचार

फ्री वाई-फाई कैंपस स्कीम में फेसबुक व यूट्यूब की भी सुविधा

पटना। उप मुख्यमंत्री सह आईटी मंत्री सुशील कुमार मोदी ने फ्री वाई-फाई कैंपस योजना की समीक्षा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं का अधिक से अधिक निबंधन करने, वन टाइम लाॅगिंग के साथ व्हाट्सएप, फेसबुक, यूट्यूब व ई-काॅमर्स साइट के इस्तेमाल की सुविधा देने का निर्देश दिया। फ्री वाई-फाई कैंपस योजना मुख्यमंत्री के सात निश्चय में शामिल है।
फ्री वाई-फाई कैंपस योजना के अंतर्गत 300 काॅलेजों में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। जून तक जहां 20 हजार निबंधित यूजर्स थे, वहीं अब संख्या बढ़ कर 49 हजार हो गई है। वाई-फाई यूजर्स महीने में 10 तथा प्रतिदिन 1 जीबी तक डाटा डाउनलोड कर सकते हैं। वाई-फाई की निर्बाध सुविधा के लिए सरकार बिजली आपूर्ति के मद्देनजर सोलर पैनल पर 23 करोड़ रुपये खर्च करेगी। 
उप मुख्यमंत्री ने एल एंड टी के 60 इंजीनियर, जो वाई-फाई उपकरणों की देखभाल में लगे हैं को निर्देश दिया कि वे काॅलेजों मे कैंप लगा कर अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को फ्री वाई फाई योजना के बारे में बताएं और उनका निबंधन करें। अभी तक यूजर्स को फ्री वाई-फाई की सुविधा के लिए बार-बार लाॅगिन आईडी और पासवर्ड डालना पड़ता था। अब एक बार लाॅगिन करने के बाद वे अपने डिवाइस को जब चाहे वाई-फाई से कनेक्ट कर सकेंगे। 
भारत नेट के अन्तर्गत पंचायतों में ब्राॅड बैंड इंटरनेट की योजना की एक अन्य समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ग्रामीण इंटरनेट उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 10 जीबी हाईस्पीड डाटा उपलब्ध करायेगी, जो सामान्य से करीब 75 फीसदी सस्ती होगी। पहले चरण में प्रदेश की 6105 पंचायतों में आॅप्टिकल फाइबर के जरिए ब्राॅड बैंड इंटरनेट की सुविधा मुहैया कराने की योजना की समीक्षा के बाद बताया कि 4699 पंचायतों में आॅप्टिकल फाइबर बिछाया जा चुका है। 3161 पंचायतों के पंचायत भवन में उपकरण स्थापित किए जा चुके हैं। मकरसंक्रांति के बाद इस योजना का शुभारंभ बिहार में होगा।   
 


संबंधित खबरें