पटना। राज्य सरकार ने फसल सिंचाई के लिए डीजल अनुदान की राशि बढ़ा दी है। प्रति लीटर डीजल अनुदान की राशि 30 रुपये से बढ़कर 35 रुपये हो गई है। रबी मौसम में किसानों को एक एकड़ क्षेत्र में एक सिंचाई के लिए 10 लीटर डीजल अनुदान मिलता है। चालू वर्ष में इस मद में एवं आकस्मिक फसल योजना के लिए एक अरब 75 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। यह निर्णय सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में लिया गया। बैठक में 63 प्रस्तावों पर सहमति बनी। पौधा संरक्षण निरीक्षकों के वेतनमान में भी संशोधन किया गया है।
पटना जिले में लगेंगे सीसीटीवी : सार्वजनिक जगहों पर महिला छेड़खानी पर रोक एवं अपराध पर नियंत्रण के लिए सूबे में सबसे पहले पटना जिले में सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्णय लिया गया है। इस पर 110 करोड़ 67 लाख 56 हजार 466 राशि खर्च होगी।
चांदन रेलवे स्टेशन पर बनेगा रेल थाना : रेल जिला जमालपुर अंतर्गत देवघर-बांका रेलखंड के चांदन रेलवे स्टेशन पर रेल थाने का निर्माण होगा। इसके संचालन के लिए 61 पदों के सृजन को स्वीकृति मिली। साथ ही जमुई रेल पुलिस पोस्ट के सृजन एवं संचालन के लिए 30 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई।
711 राजस्व अधिकारी होंगे बहाल : राजस्व व भूमि सुधार विभाग के अंतर्गत 711 राजस्व अधिकारी (अंचल निरीक्षक एवं समकक्ष ग्रेड) बहाल होंगे।
पत्रकार सुकांत नागार्जुन को कोलंबिया एशिया अस्पताल, बेंगलुरु में इलाज के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से पांच लाख रुपये की सहायता मिलेगी।