मुख्य समाचार

सूबे में चार नये एग्रीकल्चर काॅलेज खुलेंगे

पटना। सरकार ने कृषि रोड मैप 2017-2022 के अंतर्गत चार नये कृषि महाविद्यालयों की स्थापना की योजना बनाई है। कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था होने के कारण राज्य सरकार कृषि अनुसंधान व शिक्षा पर जोर दे रही है। गया में दो, पटना व आरा में एक-एक  महाविद्यालयों की स्थापना होगी। गया में एक कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय व दूसरा सामुदायिक विज्ञान-फूड टेक्नोलाॅजी महाविद्यालय होगा। इसी तरह पटना में कृषि व्यवसाय प्रबंधन महाविद्यालय जबकि आरा में जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय की स्थापना होगी। 
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि महाविद्यालय के लिए जगह को चिह्नित करने के लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर (भागलपुर) के कुलपति, कुलसचिव एवं संबंधित जिलों के जिला कृषि पदाधिकारियों की समिति बनाई गई है। समिति 15 दिनों में रिपोर्ट देगी।
डाॅ प्रेम ने बताया कि कृषि रोड मैप के अधीन विगत वर्षों में सूबे में कृषि विश्वविद्यालय सबौर, भागलपुर में स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त सहरसा, पूर्णियां, डुमरांव (बक्सर) एवं किशनगंज में चार नये कृषि महाविद्यालयों की स्थापना की गई है। साथ ही नालंदा में एक नये उद्यान महाविद्यालय की स्थापना भी हुई है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय व इसके अधीन अंगीभूत महाविद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् ने एक्रिडिएशन दिया है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। 


संबंधित खबरें