मुख्य समाचार

पटना में मार्च तक सीएनजी स्टोरेज स्टेशन 

पटना। गैस अथॅारिटी आॅफ इंडिया लिमिटेड (गेल) मार्च तक पटना में सीएनजी स्टोरेज स्टेशन का निर्माण पूरा कर लेगी। अगले दो साल में सीएनजी का पांच रिफिलिंग स्टेशन काम करने लगेगा। उक्त जानकारी उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने वायु प्रदूषण नियंत्रण के मद्देनजर कई विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक में दी। बैठक में पर्यावरण व वन विभाग, परिवहन, नगर विकास, पटना नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अधिकारी, पटना के डीएम व ट्रैफिक एसपी मौजूद थे। 
उन्होंने सूबे के सभी पेट्रोल पंपों पर वाहन प्रदूषण जांच केन्द्र स्थापित करने, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र निर्गत करने व वाहनों के प्रदूषण की सघन जांच का निर्देश दिया। साथ ही समुचित कचरा प्रबंधन, भवन निर्माण सामग्रियों का ढक कर परिवहन व सुरक्षित रख रखाव, नई तकनीक पर आधारित ईंट-भट्ठों की स्थापना का भी निर्देश दिया।
पटना नगर निगम : पटना नगर निगम को निर्देश मिला है कि कचरा को तिरपाल से कवर कर ढोया जाये। सार्वजनिक स्थान, सड़क पर बालू व अन्य भवन निर्माण सामग्री रखने पर सख्ती से रोक लगे । कचरा जलाने पर व्यक्ति विशेष से पांच हजार तथा संस्थाओं से 25 हजार रुपये का दंड वसूलें । पटना जिले के पांच प्रखंडों में ईंट-भट्ठों की स्थापना पर रोक लगा दी गई है। पूर्व से संचालित ईंट-भट्ठों को नई तकनीक अपनाने तक संचालन की अनुमति नहीं दी जायेगी। 
प्रदूषण नियंत्रण पर्षद : प्रदूषण नियंत्रण पर्षद को निर्देश दिया गया कि तीन सदस्यीय कमिटी बना कर वाहन प्रदूषण जांच केंद्रों के उपकरणों की जांच एवं सभी वाहनों पर प्रदूषण नियंत्रण जांच का स्टीकर लगाना अनिवार्य करें। पटना स्थित सभी सचिवालयों में चलंत उपकरणों से सरकारी वाहनों की जांच कर प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र निर्गत करें। 
 


संबंधित खबरें