मुख्य समाचार

बुलंद इरादों से मिल सकती है हर मंजिल : मिल्खा सिंह  

पटना। फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर  मिल्खा सिंह ने कहा कि बिहार में काफी दम है। यहां से एक नहीं, सैकड़ों मिल्खा पैदा हो सकते हैं। इसके लिए सरकार एथलेटिक्स को बढ़ावा दे और हर खेल की एकेडमी खोले। गांधी मैदान से रन फाॅर बिहार के लिए पटना हाफ मैराथन को संबोधित करते हुए फ्लाइंग सिख ने ये बातें कहीं। उन्होंने युवाओं से कहा जिंदगी में कुछ पाने के लिए बुलंद इरादों का होना जरूरी है। 88 साल पूरी कर चुका हूं। इच्छा है कि ओलंपिक (एथलेटिक्स) में भारत गोल्ड मेडल जीते। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने मिल्खा सिंह का स्वागत किया। 
मैराथन को लेकर लोगों में काफी उत्साह था। करीब चार हजार प्रतिभागी मौजूद थे। गांधी मैदान के गेट नंबर एक से सुबह 6 बजे हाफ मैराथन (21किलोमीटर) दौड़ शुरू हुई। यह बेली रोड ओवरब्रिज पश्चिमी छोर तक गयी। प्रतिभागी फिर उसी रूट से वापस गांधी मैदान लौटे। इसके बाद 6.45 बजे 10 किलोमीटर और 7.45 बजे 4 किलोमीटर की दौड़ हुई। 
हाफ मैराथन में पुरुष वर्ग में जमशेदपुर के अर्जुन टुडू व महिला वर्ग में कोलकाता की प्रतिमा टुडू विजेता बने। प्रशासनिक अधिकारियों मे सबसे तेज दौड़ जीविका के सीईओ बाला मुरूगन डी ने लगाई।
मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर, डीएम संजय अग्रवाल, सदर एसडीओ भवेश मिश्रा, ट्रैफिक एसपी पीके दास समेत कई अधिकारी मौजूद थे।


संबंधित खबरें