पटना। बिहार में मौसम पूर्वानुमान के लिए स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, इसरो, अहमदाबाद व कृषि विभाग के बीच 22 दिसंबर (शुक्रवार) को एमओयू हुआ। कृषि विभाग की ओर से प्रधान सचिव सुधीर कुमार एवं स्पेस एप्लीकेशन सेंटर,अहमदाबाद की ओर से निदेशक डाॅ तपन मिश्रा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। हाइड्रो मेट्रोलाॅजिकल नेटवर्क से बिहार के मौसम संबंधित सूचना मिलेगी।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि मौसम में होने वाले परिवर्तन के पूर्वानुमान से किसानों को समय पर सजग करने में सहूलियत होगी। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में हाइड्रोमेट्रोलाॅजिकल नेटवर्क के विकास कार्यक्रम के अंतर्गत तीन जिले नालंदा, सुपौल एवं पूर्वी चंपारण का चयन हुआ है। इन जिलों की सभी ग्राम पंचायतों में टेलीमेट्रिक आधारित रेनगाॅज एवं प्रखंड में टेलीमेट्रिक आधारित वेदर स्टेशन की स्थापना के लिए योजना स्वीकृत हुई है। इन जिलों में 59 टेलीमेट्रिक वेदर स्टेशन एवं 778 टेलीमेट्रिक रेन गाॅज लगेंगे। गया एवं अरवल जिलों के लिए भी योजना स्वीकृति की प्रक्रिया में है।
डाॅ प्रेम ने कहा कि वेदर स्टेशन एवं रेनगाॅज से प्राप्त डाटा को स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, अहमदाबाद के सहयोग से 25 वर्ग किमी के क्षेत्र में मौसम की भविष्यवाणी एवं अद्यतन मौसम की सूचना किसानों केा उपलब्ध करायी जायेगी। समय पर मौसम की चेतावनी से किसान फसल की बुआई एवं कटाई की योजना तैयार कर आकस्मिक नुकसान से बच सकेंगे।