मुख्य समाचार

कृषि वानिकी से जुड़े किसान ट्रेनिंग पर जाएंगे पंतनगर

पटना। कृषि वानिकी से जुड़े सूबे के किसानों को सरकारी खर्च पर पंतनगर,झांसी व हलद्वानी में ट्रेनिंग दी जायेगी। इसके लिए पूरे साल का कैलेंडर तैयार करने का उप मुख्यमंत्री सह पर्यावरण व वन मंत्री सुशील कुमार मोदी ने निर्देश दिया। विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने बताया कि 3 फरवरी को पटना में कृषि वानिकी से जुड़े विशेषज्ञ व किसानों का एक दिवसीय सम्मेलन होगा। सम्मेलन में कृषि वानिकी के जरिए किसानों की आय बढ़ाने पर विमर्श किया जाएगा। 
बिहार के लिए कृषि वानिकी नीति तैयार करने के लिए समिति गठित करने का निर्देश देते हुए कहा कि समिति में कृषि विशेषज्ञ, राष्ट्रीय वन अनुसंधान संस्थान के सदस्य और किसान प्रतिनिधि होंगे। कृषि वानिकी में अग्रणी राज्य पंजाब व हरियाण के अध्ययन और समिति के विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर कृषि वानिकी नीति तैयार की जायेगी। 
कृषि वानिकी के अंतर्गत बांस को प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग की ओर से तटबंधों के किनारे बांस लगाए जायेंगे। भागलपुर स्थित बांस टिश्यू कल्चर लैब में एक साल में एक लाख कोपल तैयार किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में इनकी संख्या बढ़ने पर बांस कोपल किसानों में वितरित किए जायेंगे। 
कृषि वानिकी को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग से समन्वय बना कर पंचायत स्तर पर नियुक्त कृषि सलाहकारों का सहयोग लेने का निर्देश दिया। 2017-22 के दौरान मुख्यमंत्री निजी पाॅपुलर पौधशाला के अंतर्गत 2 करोड़ 15 लाख एवं मुख्यमंत्री निजी पौधशाला अन्य प्रजाति के तहत 3 करोड़ 30 पौधे किसानों द्वारा उगाने का लक्ष्य है। किसानों की भूमि पर 2017-22 के दौरान पाॅपुलर तथा अन्य प्रजाति के कुल 5 करोड़ 30 लाख पौधारोपण करने का लक्ष्य है। 
 


संबंधित खबरें