पटना। आईटीसी ने बिहार में बिस्कुट, नूडल्स, कूकीज व अन्य फूड प्रोडक्ट के क्षेत्र में 500 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए कंपनी ने बिहार सरकार से 60 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। आईटीसी के सीईओ संजीव पुरी ने उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से मिल कर यह जानकारी दी। कंपनी ने पिछले दिनों बिहार के सात जिलों बांका, मुंगेर, समस्तीपुर, लखीसराय, बक्सर, भागलपुर और बेगूसराय के किसानों से 1 लाख मीट्रिक टन गेहूं और मक्का की खरीद की है। आईटीसी अधिक ऊपज देने वाली फसलों की खेती, पशुओं के नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन को भी प्रोत्साहित कर रही है।
आईटीसी के सहयोग से बिहार के 325 गांवों के 1.25 लाख किसानों की 60 हजार एकड़ जमीन पर अधिक ऊपज देने वाले गेहूं की प्रजातियों की जीरो टिलेज से बुआई की गई है। कंपनी ने अपने फ्रुट जूस ब्रांड ‘बी नेचुरल’ के लिए डेढ़ हजार मीट्रिक टन लीची की खरीद के लिए सूबे के किसानों से समझौता किया है। साथ ही पांच जिलों के 1500 किसानों की 750 एकड़ जमीन पर आलू बीज की उम्दा किस्म को विकसित करने की परियोजना पर भी काम कर रही है।
सीईओ संजीव पुरी ने बताया कि पिछले चार वर्षों में कंपनी प्रदेश में डेयरी, फूड प्रोसेसिंग और अन्य प्रक्षेत्रों में 400 करोड़ रुपये निवेश कर चुकी है। मुंगेर में 150 करोड़ की लागत से डेयरी स्थापित की गई है, जिसमें प्रतिदिन 2 लाख लीटर दूध की प्रोसेसिंग की जाती है। इसके लिए 400 गांवों के 5000 किसानों से दूध संग्रह किया जाता है। आईटीसी का प्रमुख ब्रांड ‘आशीर्वाद स्वस्ति ’ घी मुंगेर डेयरी का ही उत्पाद है। इसके अलावा आईटीसी 3 लाख पशुओं के नस्ल सुधार के लिए भी काम कर रही है।