पटना। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि नये साल में तमाम सरकारी योजनाएं बिचौलियों से मुक्त होंगी। छात्रवृत्ति से लेकर राशन-किरासन,पेंशन और धान खरीद तक की राशि सीधे लाभुकों के खाते में जाएगी। इससे जहां योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता आयेगी, वहीं भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा। सूबे के सभी गांवों में बिजली पहुंचाने के बाद अब इस साल मई तक बचे टोलों और दिसंबर तक हर घर बिजली पहुंच जाएगी। बिजली से संबंधित 3030.51 करोड़ की योजनाओं से नये साल में बिहार का हर घर जगमग होगा। नये साल के पहले दिन उप मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर आगंतुकों से मिल शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि डीजल आधारित खेती से छुटकारा के लिए केंद्र सरकार से स्वीकृत 5800 करोड़ रुपये से कृषि कार्य के लिए अलग फीडर के निर्माण का काम शुरू हो चुका है। इससे घर और खेती के लिए अलग-अलग बिजली उपलब्ध होगी और किसानों का लगत मूल्य कम होगा।
तीसरे कृषि रोड मैप की विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन के साथ ही समेकित खेती, कृषि वानिकी, पशु, मत्स्य व मुर्गी पालन आदि को प्रोत्साहित कर किसानों की आमदनी बढ़ायी जायेगी।