पटना । सहकारिता मंत्री राणा रणधीर सिंह व विभागीय पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने धान खरीद की समीक्षा की। पैक्स को किसानों से धान की खरीद में और तेजी लाने का निर्देश दिया।
धान की खरीद पर संतोष जताते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल 2 जनवरी तक जहां 4,495 किसानों से मात्र 31,169 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी, वहीं इस साल 23,440 किसानों से 1.76 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। किसानों से उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर पैक्सों को ही धान बेचने की अपील की है।
इस साल धान बिक्री के लिए निबंधन कराने वालों में गैर रैयत किसानों की संख्या 47 फीसदी है। धान खरीद के लिए पैक्स को पूर्व में दिए गए 600 करोड़ के अलावा और 500 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने तथा सहकारी बैंक के जरिए दिए जाने वाले ऋण की ब्याज दर को 11 से घटा कर 8 प्रतिशत करने की कार्रवाई चल रही है। पहली बार पैक्सों को प्रति क्विंटल चावल पर 10 रुपये प्रबंधकीय अनुदान भी मिलेगा।
केंद्र सरकार ने जहां पिछले साल जनवरी में नमी की प्रतिशत में छूट दी थी,वहीं दिसंबर में ही 17 की जगह 19 प्रतिशत नमीयुक्त धान खरीदने की अनुमति दे दी है। बिहार में 6,598 पैक्सों व व्यापार मंडलों के जरिए धान की खरीद हो रही है।