पटना । बजट 2018-19 की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। आम नागरिकों से जहां 15 जनवरी तक बिहार बजट के मद्देनजर सुझाव मांगा गया है, वहीं एनडीए-1 के दौरान शुरू परिपाटी के तहत जनवरी के तीसरे सप्ताह से पांच अलग-अलग समूहों से बजट पूर्व परिचर्चा होगी। 18 जनवरी को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली राज्य के वित्त मंत्रियों के साथ बजट पर चर्चा करेंगे। बिहार से उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी इसमें शामिल होंगे।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार बजट 2018-19 के लिए आम नागरिक 15 जनवरी तक वित्त विभाग की वेबसाईट http://finance-bih-nic-in के लिंक या ईमेल fdcfin&bih@nic-in पर जाकर अपना सुझाव हिंदी या अंग्रेजी में दे सकते हैं। नागरिक अपना लिखित सुझाव ‘बजट शाखा, वित्त विभाग, मुख्य सचिवालय, बिहार, पटना के पते पर भी भेज सकते हैं।
इस बार बजट पूर्व परिचर्चा में पहली बार राज्य व केंद्र सरकार के लोक उपक्रमों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है जिनमें नाबार्ड, एनटीपीसी, पुल निर्माण निगम, एनएचएआई व बुडको जैसे उपक्रम शामिल होंगे। परिचर्चा में पहला समूह उद्योग, व्यवसाय, परिवहन, चार्टर्ड एकाउंटेंट, कंपनी सेक्रेटरी व रियल एस्टेट से जुड़े प्रतिनिधियों का होगा। दूसरे समूह में कृषि, मत्स्य, पशु व मुर्गी पालन, सहकारी संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि तथा तीसरे समूह में स्वास्थ्य प्रक्षेत्र के प्रतिनिधि होंगे। चौथा समूह केंद्रीय लोक उपक्रम व पांचवा राज्य लोक उपक्रम के प्रतिनिधियों का होगा।