पटना । बिहार के वरिष्ठ राजद राजनेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुनाथ झा (78) के निधन पर मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री समेत कई राजद नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। शिवहर जिले के अंबा गांव निवासी रघुनाथ झा का निधन रविवार की देर रात नई दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हो गया। वह किडनी की बीमारी से पीड़ित थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें कुशल राजनेता एवं कर्मठ समाजसेवी बताते हुए कहा कि उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा।
उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि रघुनाथ झा का निधन बिहार की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। राजनीति के साथ समाज पर भी उनकी गहरी पकड़ थी। आम लोगों के अपनापन और समर्थन की वजह से ही वे छह बार विधायक और दो बार सांसद बनने में सफल रहे। राज्य सरकार के कई विभागों के वर्षों तक मंत्री रहने के बाद यूपीए-1 के दौरान डाॅ मनमोहन सिंह की सरकार में भारी उद्योग राज्य मंत्री के दायित्व को भी भी संभाला। उन्होंने आत्मा की शांति और उनके समर्थक, शुभचिंतक व परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की ईश्वर से कामना की है।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, विधायक तेज प्रताप यादव, सांसद मीसा भारती व विधायक भोला यादव ने भी निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि रघुनाथ झा के निधन से राजद परिवार को बड़ा नुकसान हुआ है।