पटना । एपीडा के चेयरमैन डीके सिंह ने बीआईए सभागार में उद्यमियों से कहा कि बिहार में उत्पादित सब्जी एवं फल की गुणवत्ता अच्छी है। इसका मिडिल इस्ट तथा यूरोप के देशों में आसानी से निर्यात किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए एक सिस्टम विकसित करने की जरूरत है। उन्होंने उद्यमियों से पैक हाउस में निवेश की अपील की। निर्यातकों को सामान की अच्छी तरह से पैकेजिंग एवं निर्यात के लिए बरती जाने वाली सावधानियों को भी बताया। वह एग्रो एक्सपोर्ट फ्राॅम स्टेट आॅफ बिहार पर आयोजित एक परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे।
कस्टम आयुक्त वी.सी.गुप्ता ने कहा कि बिहार से बड़ी मात्रा में सब्जी, फल एवं कई अनाज का निर्यात नेपाल होता है। यदि सरकार आवश्यक आधारभूत संरचना तैयार करे,तो कस्टम विभाग वहां क्लियरेंस सुविधा देने के लिए तैयार है।
बीआईए के अध्यक्ष के.पी.एस.केशरी ने बिहार में कृषि तथा वानिकी क्षेत्र के उत्पादों का ब्योरा रखते हुए कहा कि इनके निर्यात की काफी संभावना है, लेकिन निर्यात के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना की कमी है। ड्राई वेयर हाउस की कमी, एयर कार्गो काॅम्पेक्स सुविधा का अभाव व कस्टम क्लियरेंस फेसिलिटी नहीं होने के कारण राज्य निर्यात के मामले में काफी पीछे है। हालांकि बिहार से कुछ चीजों का निर्यात हो रहा है, लेकिन यह दूसरे राज्यों के कस्टम क्लियरेंस के माध्यम से है। इसलिए इसका लाभ राज्य को नहीं हो रहा है। बीआईए एग्रीकल्चर सबकमिटी के चेयरमैन आर.एन. राय ने भी अपने विचारों को रखा।
मौके पर एपीडा के डीजीएम डाॅ सुुधांशु व आरके मंडल समेत बड़ी संख्या में कारोबारी मौजूद थे।