पटना । राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने 69 वें गणतंत्र दिवस पर गांधी मैदान में झंडोत्तोलन किया । उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन पर जोर देते हुए कहा कि इसके बिना विकास अधूरा है । शराबबंदी, बाल विवाह व दहेज प्रथा के उन्मूलन के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है । 21 जनवरी को बनी मानव श्रृंखला को भी व्यापक जनसमर्थन मिला । न्याय के साथ विकास की ओर सरकार बढ़ रही है ।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि हर भारतीय की थाली में बिहार का एक व्यंजन के सरकार के लक्ष्य को तीसरा कृषि रोड मैप पूरा करेगा । शिक्षा में लड़के-लड़कियों के भेदभाव को दूर किया जा रहा है । साइकिल योजना का अच्छा परिणाम आया है । इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी समेत कई गण्यमान्य लोग मौजूद थे ।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की झांकी पहले स्थान पर : गणतंत्र दिवस समारोह में 14 विभागों की निकली झांकियों में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद को पहला स्थान मिला । उद्योग विभाग को दूसरा एवं जीविका की झांकी को तीसरा स्थान मिला ।