सासाराम । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सासाराम में महात्मा बुद्ध की 80 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। प्रतिमा पायलट बाबा के आश्रम में है। मौके पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, विधायक वशिष्ठ सिंह, मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, डीजीपी पीके ठाकुर, सीएम के सचिव अतीश चंद्रा, सीएम के ओएसडी डाॅ गोपाल सिंह, पायलट बाबा के समर्थक समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थेे।
जिलों की समीक्षा बैठक : मुख्यमंत्री ने सासाराम समाहरणालय सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी की। बैठक में सासाराम, कैमूर, बक्सर और भोजपुर जिलों में सात निश्चय व अन्य विकासात्मक कार्यों की जिलावार रिपोर्ट एवं उनमें आ रही दिक्कतों को दूर करने पर विस्तृत चर्चा हुई। समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री सह रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री प्रेम कुमार, परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला, पिछड़ा व अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री ब्रजकिशोर बिंद, खान व भूतत्व मंत्री विनोद कुमार सिंह, मुख्य सचिव, डीजीपी समेत कई विभागों के प्रधान सचिव मौजूद थे।