मुख्य समाचार

मक्का, फल व सब्जी क्षेत्र में प्रोसेसिंग इंडस्ट्री लगाएं उद्यमी

पटना । उद्योग निदेशक पंकज कुमार सिंह ने मक्का, फल एवं सब्जी पर आधारित प्रोसेसिंग इंडस्ट्री लगाने पर जोर दिया है। इन क्षेत्रों में काफी संभावनाएं हैं । अब तक अधिकतर यूनिट गेहूं , धान व दलहन प्रोसेसिंग में लगी हैं । उन्होंने बताया कि शीघ्र ही किशनगंज में 4 लाख मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता की मक्का आधारित स्टार्च यूनिट शुरू होगी । यह पूर्वोत्तर बिहार की मक्का आधारित दूसरी बड़ी इकाई होगी । बिहटा में इंटरनेशलन पैक हाउस की स्थापना उद्योग विभाग द्वारा प्रस्तावित है । इसकी लागत लगभग 50 हजार करोड़ रुपये है, जो फल-सब्जी सहित विभिन्न उत्पादों की अंतर्राष्ट्रीय पैकिंग सुविधा उपलब्ध करायेगी । उद्योग निदेशक गांधी मैदान में ‘डेस्टीनेशन बिहार-एक्सपो 2018’ के चौथे दिन आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे । विषय राज्य का औद्योगिक विकास-संभावनाएं एवं चुनौतियां था । पांच दिवसीय एक्सपो का आयोजन बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन एवं उद्योग विभाग ने संयुक्त रूप से किया है।

उद्योग निदेशक ने बताया कि शीघ्र ही हाजीपुर में बंद पड़ी रसवंती यूनिट भी शुरू होगी । औद्योगिक प्रोत्साहन नीति 2016 को अच्छा रेस्पांस मिल रहा है । राज्य के उद्योग के समक्ष वित्त की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने उद्यमियों से डिजिटल मार्केटिंग टूल्स को अपनाने एवं ई-टेंडर में भाग लेने का सुझाव दिया । उद्योग विभाग ने जिला उद्योग केंद्रों के माध्यम से इस प्रदर्शनी में 61 स्टाॅल लगाए हैं । स्टाॅल धारकों से मिले फीडबैक उत्साहजनक हैं । निदेशक ने बीआईए को आश्वासन दिया कि विभाग आगे भी इस तरह के आयोजन में अपना सहयोग देगा । 

एमएसएमई डीआई : एमएसएमई डेवलप इंस्टीटयूट पटना के निदेशक ए आर गोखे ने अपने संस्थान तथा एमएसएमई मंत्रालय द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं तथा नीतियों की जानकारी दी । मंत्रालय उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए उद्यमिता विकास केंद्र की स्थापना के प्रस्ताव पर काम कर रहा है, जिसकी स्थापना जिला उद्योग केंद्र के स्तर पर प्रस्तावित है । उन्होंने एमएसएमई उद्योगों को सहायता पहुंचाने के लिए निर्धारित योजनाओं की चर्चा की। 

बीआईए :  बीआईए के जीपी सिंह ने सरकार की नीति व कार्यान्वयन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में उद्योग विभाग के लिए आवंटित बजट गत वर्ष की तुलना में कम है । यह चिंता का विषय है । सरकार की घोषित नीतियों के अनुसार करीब 800 करोड़ का भुगतान विभाग के माध्यम से होना है । उन्होंने उद्योग निदेशक से अपील करते हुए कहा कि बजट चर्चा के दौरान विभाग अपने बजट को बढ़ाने का प्रयास करे। साथ ही मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उद्यमी पंचायत की बैठक शुरू करने का भी अनुरोध किया ।  

कला, संस्कृति व युवा विभाग ने मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया । गंगा डेयरी ने आईसक्रीम खाओ एवं इनाम पाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया । 


संबंधित खबरें