पटना । बिस्कोमान भवन में बिहार के पहले आईटी स्टार्टअप हब का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री सह आईटी मंत्री सुशील कुमार मोदी ने किया। आईटी से जुड़े युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे आएं। आईटी से ही अगली क्रांति संभव है। सरकार मदद के लिए तैयार है। स्टार्टअप हब में 31 स्टार्टअप कंपनियों को निःशुल्क प्लग एंड प्ले सुविधाओं से युक्त वर्क स्टेशन एवं आॅफिस स्पेस उपलब्ध कराया गया है।
मोदी ने कहा कि स्टार्ट अप हब आईटी के क्षेत्र में राज्य के युवाओं में उद्यमशीलता को बढ़ावा देगा। हाल में राज्य में आईटीईएस और ईएसडीएम निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए बुनियादी ढांचागत और नीतिगत सुधारों को क्रियान्वित किया गया है। इसके अंतर्गत पटना के डाकबंगला चैराहे पर पीपीपी मोड में एक बहुस्तरीय आईटी टाॅवर का काम शुरू हो चुका है। बिहटा में आईटी पार्क और राजगीर में आईटी सिटी का निर्माण प्रस्तावित है।
स्टार्टअप हब को काॅमन फेसिलिटी सेंटर के तौर पर विकसित किया जायेगा। आईटी के क्षेत्र में आने वाले युवाओं को स्वास्थ्य, कृषि व कौशल विकास आदि के क्षेत्र में और बेहतर क्या हो सकता है। इस दिशा में प्रयास करना चाहिए।
मौके पर सचिव राहुल सिंह, विभाग के अधिकारी व कर्मी भी मौजूद थे।