मुख्य समाचार

पटना में बनेगा बापू टावर, गांधी के विचारों का होगा संग्रह

पटना । पटना में बापू टावर का निर्माण होगा। इसमें बापू के विचारों का संग्रह होगा। बिहार म्यूजियम की तरह यह भी अदभुत होगा। मकसद लोगों को उनके संदेशों से अवगत कराना है। साथ ही गांधी सर्किट का भी निर्माण होगा। बिहार दिवस समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उक्त जानकारी देते हुए कहा कि चंपारण सत्याग्रह के सौ वर्ष पूरा होने पर 2017 से शुरू कार्यक्रम का समापन इस वर्ष हो रहा है। बापू की बिहार से जुड़ी जगहों पर कई कार्यक्रम हुए। देश के स्वतंत्रता सेनानियों को भी सम्मानित किया गया।  

राज्य सरकार हर क्षेत्र में काम कर रही है। 2005 में सरकार का बजट 26,300 करोड़ था। आज यह एक लाख 80 हजार करोड़ हो गया है। शीघ्र ही पांच नए मेडिकल काॅलेज खुलेंगे। सरकार का लक्ष्य हर जिले में इंजीनियरिंग, मेडिकल, पाॅलिटेक्निक समेत कई शिक्षण संस्थाओं को खोलना है। सड़क निर्माण में भी अच्छी प्रगति हुई है। सूबे के किसी भी क्षेत्र से लोग अब पांच घंटे में पटना पहुंच सकेंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा सरकार न्याय के साथ विकास के मार्ग पर बढ़ रही है। हर जाति, धर्म, तबके का ख्याल रखा गया है। सिद्धांत आधारित राजनीति पर उन्होंने जोर दिया। आने वाली पीढ़ी की रक्षा के लिए पर्यावरण पर ध्यान देना आवश्यक है। रामनवमी को प्रेम व सद्भाव के साथ मनाने की भी उन्होंने अपील की। 

मौके पर मुख्य सचिव, डीजीपी, गृह सचिव, प्रधान सचिव (शिक्षा), सीएम के प्रधान सचिव व सचिव, आईपीआरडी निदेशक, एसएसपी व डीएम समेत कई अधिकारी मौजूद थे।    
 


संबंधित खबरें