मोतिहारी/पटना/बिहार कारोबार न्यूज । मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित सत्याग्रह से स्वच्छाग्रह कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नगर विकास की 1186.06 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं को शिलान्यास किया। इनमें पटना के लिए 1164 करोड़ रुपये की चार परियोजनाएं हैं। इससे यहां 381.7 किलोमीटर लंबाई के 3 सीवरेज नेटवर्क तैयार होंगेे। साथ ही मोतिहारी के मोतीझील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण पर 21.99 करोड़ राशि खर्च होगी।
कार्यक्रम में मौजूद करीब 20 हजार स्वच्छाग्रहियों के बीच पीएम ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए कटिहार-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। साथ ही मधेपुरा इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव फैक्ट्री में तैयार पहली रेल इंजन को भी राष्ट्र को समर्पित किया। 12,000 हॉर्स पावर के इस इलेक्ट्रिक इंजन से रेलगाड़ियों की रफ्तार बढ़ेगी।
फोर लेन एनएच 2 (औरंगाबाद से झारखंड की सीमा तक) के छह लेन बनाने का भी शिलान्यास हुआ। प्रधानमंत्री ने सुगौली में एलपीजी प्लांट, मुजफ्फरपुर-सुगौली रेलवे लाइन के दोहरीकरण के साथ-साथ मोतिहारी में एलपीजी टर्मिनल एवं स्वच्छाग्रही ई-बुक का रिमोट से लोकार्पण किया।
इस मौके पर राज्यपाल सत्यपाल मलिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सुशील मोदी, केंद्रीय मंत्री उमा भारती, एसएस अहलुवालिया, राम विलास पासवान, राधा मोहन सिंह, राम कृपाल यादव, अश्विनी चौबे एवं गिरिराज सिह, सांसद, राज्य सरकार के मंत्री एवं विधायक मौजूद थे।