मुख्य समाचार

शौचालय निर्माण में बिहार ने बनाया रिकाॅर्ड

मोतिहारी/पटना/बिहार कारोबार न्यूज । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार ने हमेशा देश को रास्ता दिखाया है। स्वच्छता में भी यह मिसाल पेश करेगा। बिहार ने एक सप्ताह में 1.5 लाख शौचालय बनाने का रिकाॅर्ड बनाया है। शौचालय निर्माण का काम काफी तेजी से हो रहा है। वह मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित सत्याग्रह से स्वच्छाग्रह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान से बड़ी संख्या में महिलाएं भी जुड़ी हैं । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। बिहार के विकास के लिए केंद्र-राज्य सरकार साथ-साथ है।

सीएम : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ हमें एक-दूसरे की इज्जत करनी चाहिए। तनाव और टकराव से नहीं, प्रेम व सद्भाव से ही देश आगे बढ़ेगा। बापू के 150 वें जन्मदिवस पर देश को खुले में शौच से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। बिहार को ओडीएफ की दिशा में ले जाने के लिए अभियान जारी है।

साथ ही हर घर में नल का जल, बिजली एवं पक्की गली-नाली उपलब्ध कराने के लिए भी काम हो रहा हैं। उन्होंने कहा कि अगर पीने का स्वच्छ पानी और खुले में शौच से मुक्ति मिल जाए, तोे 90 फीसदी बीमारियों से निजात मिल जाएगी। गांधी के विचारों से नई पीढ़ी को अवगत कराना अनिवार्य है।


संबंधित खबरें