मुख्य समाचार

बिहार समेत पांच राज्यों में बढ़ी कैश की मांग, सरकार ने कहा पर्याप्त करेंसी रिजर्व  

नई दिल्ली/पटना/ बिहार कारोबार न्यूज । देश के कुछ हिस्सों में नकदी की कमी एवं कुछ एटीएम में नकदी न होने की खबरों को वित्त मंत्रालय ने गंभीरता से लिया है। वित्त मंत्रालय का कहना है कि समीक्षा में यह देखा गया कि  पिछले तीन महीनों में देश में नोट की मांग में असामान्य वृद्धि हुई है। यह वृद्धि देश के कुछ हिस्सों बिहार, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक व मध्य प्रदेश में देखने को मिली है। वर्तमान महीने के पहले 13 दिनों में ही मुद्रा आपूर्ति में 45000 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। 

सरकार की ओर से आर्थिक मामलों के सचिव एससी गर्ग ने कहा कि सरकार सभी लोगों को आश्वस्त करना चाहती है कि देश में करेंसी नोटों की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है, जिनसे अब तक उत्पन्न समस्त मांग पूरी की गई है। आने वाले दिनों में यदि नकदी की और ज्यादा मांग उत्पन्न होती है, तो वैसी स्थिति में भी सरकार पर्याप्त करेंसी नोट की आपूर्ति करेगी। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है कि एटीएम में कैश की आपूर्ति निरंतर बनी रहे और फिलहाल काम न कर रहे एटीएम में परिचालन शीघ्र सामान्य हो जाए।

केंद्र सरकार ने आरबीआई के साथ मिलकर नकदी की असामान्य मांग पूरी करने के लिए हरसंभव कदम उठाए हैं। सरकार का कहना है कि हमारे पास करेंसी नोटों का पर्याप्त रिजर्व था, जिनका उपयोग अब तक उत्पन्न समस्त असामान्य मांग पूरी करने में किया गया है। नकदी की कुछ भी मांग पूरी करने के लिए हमारे पास अब भी समस्त मूल्य वर्ग के करेंसी नोट का पर्याप्त स्टॉक है जिनमें 500, 200 और 100 रुपये के नोट भी शामिल हैं।
 


संबंधित खबरें