मुख्य समाचार

बिहार, यूपी, छत्तीसगढ़ व एमपी के कारण देश पीछे

नई दिल्ली/एजेंसी । नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत का कहना है कि बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश व राजस्थान जैसे राज्यों के कारण देश पिछड़ा हुआ है। इसके विपरीत दक्षिण और पश्चिम के राज्य तेजी से प्रगति कर रहे हैं। उक्त बातें उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में आयोजित प्रथम अब्दुल गफ्फार खान स्मारक व्याख्यान के दौरान कहीं। 

उन्होंने कहा कि देश ने ईज आॅफ डूइिंग बिजनस (व्यापार में आसानी) में तेजी से सुधार किया है, लेकिन हयूमन डेवलपमेंट इंडेक्स (मानव विकास सूचकांक) में पीछे हैं। मानव विकास सूचकांक में भारत 188 देशों में 133 वें स्थान पर है। 

सतत विकास के महत्व पर जोर देते हुए अमिताभ ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य महत्वपूर्ण हैं,लेकिन इनमें भारत पीछे है । हमारे सीखने के परिणाम खराब आ रहे हैं । 5वीं कक्षा का छात्र दूसरी कक्षा के जोड़-घटाव हल करने में सक्षम नहीं है। 5वीं का छात्र अपनी मातृभाषा को पढ़ने में सक्षम नहीं है ।

शिशु मृत्यु दर अधिक है। जब तक हम इन पहलुओं पर सुधार नहीं करेंगे,तब तक हमारा बढ़ना मुश्किल होगा । उन्होंने निर्णय लेने में महिलाओं की भागीदारी पर बल दिया । इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति तलत अहमद भी मौजूद थे ।
 


संबंधित खबरें