मुख्य समाचार

राष्ट्रीय औसत से अधिक है बिहार की कृषि विकास दर

पटना/बिहार कारोबार न्यूज । बिहार में कृषि विकास की दर 2005-06 से 2014-15 के बीच राष्ट्रीय औसत से अधिक रही है। इस दौरान बिहार की कृषि विकास दर 4.7 फीसदी थी, जबकि राष्ट्रीय औसत 3.6 थी। 2016-17 में बिहार में कृषि विकास दर 6.9 फीसदी रही। यह आंकड़ा इंडियन काउंसिल फाॅर इंटरनेशनल इकोनाॅमिक रिलेशन्स की रिपोर्ट में है। 

विकास कार्यक्रमों का परिणाम है कि राज्य में 2016-17 में 185 लाख मीट्रिक टन रिकाॅर्ड खाद्यान्न का उत्पादन हुआ है। 2012 में चावल उत्पादन, 2013 में गेहूं उत्पादन एवं 2016 में मक्का उत्पादन में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए राज्य को कृषि कर्मण पुरस्कार मिला है।

होटल मौर्या में आयोजित राउंड टेबल काॅन्फ्रेंस में उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने उक्त बातें कहीं। काॅन्फ्रेंस का विषय “बिहार में कृषि विकास की क्षमता के स्रोत एवं संभावनाएं ” था। आयोजन कृषि विभाग, बिहार सरकार एवं इंडियन काउंसिल फाॅर इंटरनेशनल इकोनाॅमिक रिलेशन्स ने संयुक्त रूप से किया था। 

ऊर्जा मंत्री : ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार में कृषि की क्षमता होने के बावजूद अभी हम सर्वश्रेष्ठ उत्पादक राज्यों से पीछे है। बिहार में कृषि के लिए अलग से बिजली फीडर की व्यवस्था हो रही है। दो वर्षो में राज्य में सिंचाई बिजली आधारित होगी। उन्होंने कहा कि पंचवर्षीय योजनाओं में शुरू से ही बिहार को  वित्तीय सहायता कम मिली, जबकि अन्य राज्यों को अधिक । खाद्य सुरक्षा अधिनियम में बिहार के परिवेश में स्वामीनाथन समिति की रिर्पाेट सराहनीय है।  

कृषि मंत्री : कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि तीसरे कृषि रोडमैप पर काम शुरू हो गया है। अगले 5 वर्षों में रोड मैप पर 1.54 लाख करोड़ रुपये खर्च होंगे। सरकार 5 वर्षों में किसानों की आमदनी दोगुना करने के प्रति संकल्पित है। कृषि विकास की योजनाएं धरातल पर आ रही हैं। बीज से संबंधित कई योजनाएं लागू की गई हैं। इसका नतीजा है कि पिछले 10 वर्षों में धान का बीज विस्थापन दर 11 से बढ़कर 42 प्रतिशत एवं गेहूं का बीज विस्थापन दर 10 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत हो गया है। 

इस अवसर पर जलसंसाधन मंत्री ललन सिंह, कृषि वैज्ञानिक, कृषि उत्पादन आयुक्त सुनिल कुमार सिंह, राजस्व पर्षद के अध्यक्ष सह सदस्य त्रिपुरारी शरण, प्रधान सचिव सुधीर कुमार, निदेशक (उद्यान) अरविंदर सिंह, भारत सरकार के पूर्व कृषि सचिव टी नंद कुमार एवं सेराज हुसैन समेत कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
 


संबंधित खबरें