मुख्य समाचार

चीन की तरह होगा बिहार की नदियों का प्रबंधन

पटना/बिहार कारोबार न्यूज। बिहार में नदियों का प्रबंधन चीन की येलो नदी की तरह होगा। येलो नदी बिहार की कोसी नदी के समान है। कोसी में गाद (सिल्ट) और बाढ़ की समस्या बनी रहती है। इसलिए राज्य सरकार की टीम ने अध्ययन के लिए येलो नदी बेसिन का चयन किया। जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम 15 से 22 अप्रैल तक चीन के दौरे पर थी। 

सीएम को सौंपी रिपोर्ट : टीम ने बिहार कोसी फ्लड रिकवरी प्रोजेक्ट के तहत चीन की यात्रा से संबंधित रिपोर्ट मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दी। प्रधान सचिव अरुण कुमार सिंह ने ‘स्टडी एंड एक्सपोजर विजिट टू चाइना पर प्रजेंटेशन भी दिया। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं पर और गहन अध्ययन करने के साथ बिहार के परिपेक्ष्य में कैसे इसका उपयोग हो। इस पर विचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने गंगा में भी गाद की समस्या पर चिंता जतायी।

टीम ने दिए सुझाव : टीम ने सरकार को कई सुझाव दिए। सुझाव में तटबंध को और मजबूत करने के साथ दोनों तरफ पेड़ लगाने, तटबंध पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने, नदियों के गाद को निकालकर उसका व्यावसायिक उपयोग करने, नदियों की निरंतर ड्रेजिंग करने, गाद प्रबंधन, बिहार के शोध संस्थान वाल्मी एवं गणितिय प्रतिमान केंद्र को अपग्रेड करने एवं कोसी नदी पर शोध के लिए चीन के विशेषज्ञों को निमंत्रण देना शामिल है। 

इस मौके पर जल संसाधन मंत्री, मुख्य सचिव, सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव अतीश चंद्रा व मनीष कुमार वर्मा, विशेष सचिव अनुपम कुमार, ओएसडी गोपाल सिंह, अभियंता प्रमुख अरुण कुमार एवं तकनीकी परामर्शी इंदुभूषण कुमार भी उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें