मुख्य समाचार

बिहटा में बनेगा व्हेकिल इंस्पेक्शन एंड टेस्टिंग सेंटर

पटना/बिहार कारोबार न्यूज। बिहटा में आॅटोमेटेड व्हेकिल इंस्पेक्शन एंड टेस्टिंग सेंटर बनेगा। इसके लिए राज्य सरकार ने 3 एकड़ जमीन की व्यवस्था की है,जहां केंद्र सरकार की  50 करोड़ रुपये की राशि से निर्माण होगा। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक के बाद उक्त जानकारी दी। 
उन्होंने बताया कि उबेर और ओला जैसी टैक्सी कंपनियों के परिचालन के लिए राज्य सरकार नीति बनायेगी। सुल्तान पैलेस और बांकीपुर बस डिपो की जमीन पर्यटन विभाग को सौंपने पर सरकार विचार कर रही है। बैठक में परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला एवं सचिव संजय अग्रवाल समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

जिलों में खुलेंगे ट्रेनिंग स्कूल : केंद्र के सहयोग से राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से प्रमंडल मुख्यालय व जिलों में मोटर ड्राइविंग सिमुलेटर और ट्रेनिंग स्कूल खोलेगी। केंद्र सरकार इसके लिए हर जिले में 1-1 करोड़ रुपये व राज्य सरकार 1-1 एकड़ जमीन उपलब्ध करायेगी।

राजस्व संग्रह में इजाफा : परिवहन विभाग के राजस्व संग्रह में 2016-17 की 1249 करोड़ की तुलना में 2017-18 में 1624 करोड़ यानी 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। चालू वित्त वर्ष के लिए 2000 करोड़ रुपये संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। वाहनों के निबंधन में भी आमतौर पर जहां 8 से 14 फीसदी सालाना वृद्धि होती थी, वहीं 2017-18 में 46 फीसदी वृद्धि हुई है। इस अवधि में 924764 दोपहिया, 37003 तीन पहिया, 62452 चार पहिया व 89587 कमर्शियल वाहन निबंधित किए गए हैं। 

आॅनलाइन जारी होगा नेशनल परमिट : पारदर्शिता व त्वरित कार्य निष्पादन के लिए डीलर प्वाइंट रजिस्ट्रेशन, रोड टैक्स का भुगतान व नेशनल परमिट आॅनलाइन जारी करने के लिए वाहन 4.0 साॅफ्टवेयर का उपयोग किया जायेगा। इसके अलावा सारथी 4.0, एम-परिवहन व ई-चालान साॅफ्टवेयर के जरिए आॅनलाइन ड्राइविंग लाइसेंस का शुल्क, कमर्शियल टैक्स व यातायात नियमों के उल्लंघन पर दंड का भुगतान किया जा सकेगा। वाहनों के पसंदीदा नंबर के लिए ई-आॅक्शन की व्यवस्था होगी।
 


संबंधित खबरें