मुख्य समाचार

बिहार फाउंडेशन आठ शहरों में करेगा इन्वेस्टर मीट 

पटना/बिहार कारोबार न्यूज। बिहार फाउंडेशन देश के 8 बड़े शहरों में इस साल प्रवासी बिहारियों का सम्मेलन, निवेशक मीट व रोड शो करेगा। इसके जरिए बिहार सरकार की उपलब्धि व कार्यक्रमों की जानकारी प्रवासी बिहारियों को दी जाएगी। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को चालू वित्त वर्ष में बिहार फाउंडेशन की पहली कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह, विकास आयुक्त दीपक कुमार, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव एस सिद्धार्थ, कला संस्कृति विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद एवं फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित थे। 

मोदी ने बताया कि फाउंडेशन के मुंबई चैप्टर की ओर से पुणे और सूरत में तथा बिहार फाउंडेशन पटना की ओर से दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरू व नागपुर में प्रवासी बिहारियों का सम्मेलन होगा। इस दौरान सूचना प्रावैद्यिकी एवं उद्योग विभाग की ओर से निवेशक सम्मेलन व रोड शो का आयोजन कर बिहार में निवेश के लिए इच्छुक निवेशकों को आमंत्रित किया जायेगा। स्टाॅल लगा कर बिहारी व्यंजनों का प्रचार-प्रसार किया जायेगा। 

बिहार से बाहर देश और विदेश में रहने वाले बिहारियों को जोड़ने के लिए फाउंडेशन की ओर से  वेबसाइट www.biharfoundation.in  शुरू किया गया है, जिसमें एक लाख प्रवासी बिहारियों को निबंधित करने का लक्ष्य है। बिहार सरकार की गतिविधियों से अवगत कराने के लिए एक मासिक ई-न्यूज लेटर हिंदी व अंग्रेजी में शुरू किया गया है। इसके अलावा फेसबुक और ट्वीटर पर भी बिहार फाउंडेशन को सक्रिय किया गया है। 

देश के अलावा फाउंडेशन के कतर, दुबई, बहरीन, सउदी अरब, कनाडा, आस्ट्रेलिया, साउथ कोरिया, सिंगापुर व अन्य देशों के चैप्टर को भी सक्रिय करने तथा साल में कम से कम एक बार बिहार दिवस कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बिहार फाउंडेशन का गठन बिहार के बाहर देश व विदेश में रहने वाले प्रवासी बिहारियों को सरकार से जीवंत संबंध स्थापित कराने व उन्हें बिहार से जोड़ने के लिए किया गया है।


संबंधित खबरें