पटना/बिहार कारोबार न्यूज । मौसम विभाग ने इस साल बारिश की अच्छी संभावना बतायी है। बिहार में आकलित औसत वर्षा (1027.6 मिमी) का लगभग 93 फीसदी इस वर्ष संभावित है। अच्छी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिले के प्रभारी सचिवों को 30 जून से पहले राहत तैयारियों को पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि तैयारी पूरी होने से राहत कार्य में सुविधा होगी। योजनाओं का लाभ अंतिम लोगों तक पहुंचे। इस पर कड़ी नजर रखनेे की जरूरत है। सीएम ने 1 अणे मार्ग में बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। सभी प्रमंडल एवं जिलों के वरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े हुए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा किसी के वश में नहीं है, लेकिन प्रयास से उसके प्रभाव को कम किया जा सकता है। उन्होंने कई आवश्यक निर्देश दिए। वित्त विभाग को डीएम आपदा राहत कोष में राशि उपलब्ध कराने, ब्लॉक एवं अनुमंडल स्तर के नये पदाधिकारियों को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से बाढ़ राहत संबंधी ट्रेनिंग देने, नदी तट की मरम्मत एवं सुरक्षा, राहत सामग्री, शिविर में शुद्ध पेय जल, दवा, शौचालय एवं पशुओं के लिए भी दवा की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, नंद किशोर यादव, डाॅ प्रेम कुमार, विनोद नारायण झा, दिनेश चंद्र यादव, मंगल पांडेय, शैलेश कुमार एवं पशुपति कुमार पारस, मुख्य सचिव, डीजीपी, विकास आयुक्त, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व्यास जी, प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत एवं चंचल कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे।