पटना/बिहार कारोबार न्यूज । आर ब्लॉक-दीघा रेललाइन की 71 एकड़ जमीन संशोधित दर पर बिहार सरकार को मिलेगी। इस जमीन का उपयोग सड़क निर्माण में होगा। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने जमीन सौंपने की सहमति पर रेलमंत्री पीयूष गोयल का आभार व्यक्त किया है।
नई दिल्ली में 13 जून को रेलमंत्री पीयूष गोयल से उक्त जमीन बिहार सरकार को सौंपने का आग्रह उप मुख्यमंत्री ने किया था। मोदी ने बताया कि रेलमंत्री ने 24 घंटे के अंदर अपने आश्वासन को पूरा किया। इससे आर ब्लॉक-दीघा के बीच 150 साल पुरानी रेल ट्रैक की छह किलोमीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी जमीन पर अब सड़क निर्माण संभव हो सकेगा।
पूर्व में इस 71 एकड़ जमीन का रेलवे ने बाजार दर पर 896 करोड़ रुपये मूल्य तय किया था। बाद में एनडीए की सरकार ने जमीन के मूल्यांकन के बिहार सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार किया, जिसके आधार पर संशोधित दर 221 करोड़ रुपये तय किया गया। सड़क निर्माण होने से आर ब्लॉक से दीघा की दूरी न केवल 2 किमी कम हो जायेगी बल्कि समय की भी बचत होगी। बेली रोड पर यातायात का दबाव कम होगा तथा पटना को एक नई सड़क उपलब्ध हो जायेगी।