सिक्किम/पटना/बिहार कारोबार न्यूज । कृषि विभाग की एक उच्चस्तरीय टीम कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार की अध्यक्षता में 14 से 17 जून तक सिक्किम के दौरे पर है। देश में सिक्किम को एक मात्र पूर्णतः जैविक खेती वाला राज्य घोषित किया गया है। टीम वहां जैविक खेती की बारीकियों का अध्ययन कर रही है। साथ ही बिहार में इसे कैसे अपनाया जाये। इस पर भी विमर्श हो रहा है। सिक्किम दौरे पर उद्यान निदेशक अरविंदर सिंह, संयुक्त निदेशक (पौधा संरक्षण) दिनेश प्रसाद एवं मंत्री के आप्त सचिव मृत्युंजय कुमार हैं।
15 जून को कृषि भवन, गंगटोक में वहां के कृषि विभाग, उद्यान विभाग, सिक्किम आॅर्गेनिक मिशन, नेशनल आॅर्गेनिक फार्मिंग रिसर्च इंस्टीच्युट, सिक्किम स्टेट आॅर्गेनिक सर्टिफिकेशन एजेंसी के पदाधिकारियों एवं विशेषज्ञों के साथ बैठक हुई। शिष्टमंडल ने नेशनल आॅर्गेनिक फार्मिंग रिसर्च इंस्टीच्यूट, टाडोंग का भी भ्रमण किया। यह संस्थान विभिन्न विषयों पर आॅर्गेनिक रिसर्च कर अपनी अनुशंसा देती है।
डाॅ प्रेम ने बताया कि बिहार में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए कई कार्य हो रहे हैं। जैविक उपादानों के उपयोग एवं निर्माण पर किसानों को मदद दी जा रही है। सिक्किम के दौरे से राज्य में जैविक खेती के लिए किये जा रहे प्रयास में और तेजी आयेगी। जैविक खेती को अपनाने से स्वास्थ्य पर कीटनाशकों के प्रभाव को कम किया जा सकेगा। साथ ही किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी।