मुख्य समाचार

सड़क दुर्घटना कम करने की दिशा में परिवहन विभाग सजग

पटना/बिहार कारोबार न्यूज । परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला का कहना है कि सड़क दुर्घटना कम करने की दिशा में कई विभागों के साथ काम हो रहा है। उम्मीद है कि इसके अच्छे परिणाम आएंगे। लोगों की जो भी उचित समस्याएं होंगी। विभाग उनका हल निकालेगा। उक्त बातें उन्होंने बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स के साथ बैठक में कहीं। उन्होंने बताया कि नेपाल एवं कई राज्यों के लिए शीघ्र बस सेवा शुरू होगी। परिवहन विभाग का राजस्व 2017-18 में बढ़कर 1800 करोड़ हो गया है जबकि 2005-06 में राजस्व 200 करोड़ था। 

सचिव : परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि लोगों को अधिक से अधिक सुविधा देना विभाग का लक्ष्य है। कुछ महीनों में टेक्नोलाॅजी में कई बदलाव किए गए हैं। इसका लाभ मिल रहा है। वाहन साॅफ्टवेयर की व्यवस्था, टैक्स, ड्राइविंग लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन का काम आॅन लाइन हो रहा है। ओला-उबेर की तरह परिचालन के लिए एग्रिएटर पाॅलिसी लायी जा रही है। पटना सिटी के लिए किफायती दर पर बस सेवा शुरू की गई है। प्रतिदिन 25-28 हजार यात्री सफर कर रहे हैं। 

चैंबर की मांग : अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने कई समस्याओं को विभाग के समक्ष रखा। प्रमुख मांगों में दीघा ब्रिज (जेपी सेतु) को व्यावसायिक वाहनों के लिए खोलना, इस्लामपुर (नालंदा जिला) में   व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश, परमिट जांच के नाम पर पुलिस की मनमानी एवं ई रिक्शा के परिचालन के लिए आवश्यक निर्देश शामिल है। 

बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के उदय शंकर सिंह ने डीजल-पेट्रोल पर सेस हटाने, वाहन फिटनेस में फाइन व परमिट शुल्क कम करने एवं वाहन जांच के नाम पर पुलिस की मनमानी रोकने की मांग रखी। बिल्डर एसोसिएशन आॅफ इंडिया के भवेश ने भी कई समस्याओं को रखा। 

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कारोबारी, चैंबर के पदधारक व कर्मी समेत परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।       
 


संबंधित खबरें