पटना/बिहार कारोबार न्यूज । आईटीडीसी के होटल पाटलिपुत्र अशोक की डेढ़ एकड़ जमीन बिहार को शीघ्र मिलने वाली है। भवन समेत जमीन हस्तांतरण के बाद राज्य सरकार निर्णय लेगी कि स्वयं या पीपीपी मोड में इसका संचालन किया जाए। केंद्र सरकार आईटीडीसी के अंतर्गत संचालित विभिन्न होटलों का विनिवेश करने जा रही है, जिसमें पटना का होटल पाटलिपुत्र अशोक भी शामिल है।
डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बताया कि दीघा-आर ब्लाॅक रेललाइन की 71 एकड़ जमीन के बाद बिहार को यह दूसरी महत्वपूर्ण जमीन मिलने वाली है। 19 जून, 2018 को केंद्रीय पर्यटन सचिव रश्मि वर्मा और राज्य पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव रवि परमार के बीच होटल को 13 करोड़ में बिहार सरकार को सौंपने पर सहमति बनी है। पहले जमीन सहित होटल का मूल्यांकन 28.5 करोड़ किया गया था।
26 मई, 1973 को बिहार सरकार के राजस्व व भूमि सुधार विभाग ने पटना के प्राइम लोकेशन पर केंद्र सरकार के पर्यटन विभाग को निःशुल्क डेढ़ एकड़ जमीन विभिन्न शर्तों पर लीज पर दी थी। शर्त में यह भी थी कि राज्य सरकार कभी भी 3 महीने की नोटिस देकर जमीन वापस ले सकती है। आर-ब्लाॅक-दीघा रेललाइन की जमीन के बाद यह दूसरी महत्वपूर्ण परिसंपत्ति है, जो शीघ्र केंद्र सरकार से बिहार को हस्तांतरित होने वाली है।