पटना । 27 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेले के पहले कांवरिया परिपथ की विभिन्न योजनाओं को पूरा करने का निर्देश डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने दिया है। पर्यटन विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री विशेष पैकेज के तहत बिहार के विभिन्न पर्यटकीय स्थलों के विकास के लिए 600 करोड़ की योजनाएं कार्यान्वित हो रही हैं। 2017 में विदेशी पर्यटकों के मामले में बिहार का देश में 8 वां स्थान है। बैठक में पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार व विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।
विशेष पैकेज के तहत कांवरिया परिपथ के लिए कार्यान्वित हो रही 52.35 करोड़ की योजनाओं के तहत सुल्तानगंज में अजगैबीनाथ मंदिर परिसर का विकास, मोजमा (मुंगेर) में रेन सेल्टर, बांका के जिलेबिया एवं सुईया में मार्गीय सुविधाओं का विकास, तानकेश्वर में कैफेटेरिया का निर्माण तथा कांवरिया पथ में साईनेज, 3366 बेंच, 1037 कांवर स्टैंड बनाने व 180 सोलर लाइट लगाने का काम प्रगति पर है।
राजगीर और मंदार (बांका) में रोप वे का काम इस साल अक्तूबर में पूरा हो जायेगा। ब्रह्मयोनी, प्रेतशीला व डोंगेश्वरी पर्वत (गया), वाणावर (जहानाबाद), मुंडेश्वरी (कैमूर) तथा रोहतास गढ़ किला में भी रोपवे का निर्माण किया जायेगा। ककौलत और भीमबांध में पर्यटकीय सुविधाओं का विकास वन विभाग करेगा।
पीएम विशेष पैकेज के तहत जैन, महात्मा गांधी, बौद्ध, रामायण परिपथ के अलावा पटना साहिब का विकास व बोधगया में आईआईटीटीएम की स्थापना हो रही है। महात्मा गांधी परिपथ विकास योजना के अन्तर्गत भितिहरवा व चन्द्रहिया में थीम पार्क, पार्किंग व तुरकौलिया में शौचालय, पेयजल व हाई मास्ट लाइट आदि का निर्माण हो रहा है।