पटना। बिहटा स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के 100 बेड के हॉस्पिटल का उद्घाटन केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार ने 7 जुलाई को किया। उन्होंने बताया कि बिहटा अस्पताल पर 600 करोड़ राशि खर्च हो रही है। एमसीआई प्रावधान के अनुसार 300 बेड होने पर इसे मेडिकल कॉलेज की मान्यता मिल जाएगी। फुलवारीशरीफ अस्पताल के आधुनिकीकरण पर भी 80 करोड़ राशि खर्च होगी। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, श्रम मंत्री विजय सिन्हा, विधायक भाई वीरेंद्र व प्रधान सचिव दीपक सिंह मौजूद थे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि ईएसआईसी की क्षेत्रीय परिषद ने भागलपुर और मुजफ्फरपुर में भी 100-100 बेड के दो अस्पताल स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए राज्य सरकार ने मुजफ्फरपुर में 2 एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी है। बिहटा अस्पताल के उद्घाटन से बीमित कर्मियों व पटना जिले के गैरबीमित लोगों को भी सुविधा उपलब्ध होगी।