नोएडा । सैमसंग की नई मोबाइल फैक्ट्री का उद्घाटन 9 जुलाई को नोएडा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन ने किया। नोएडा स्थित प्लांट सैमसंग का विश्व का सबसे बड़ा मोबाइल प्लांट है। कंपनी ने 4915 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस यूनिट से सैमसंग मोबाइल उत्पादन को दोगुना करेगी। फिलहाल कंपनी देश में लगभग 7 करोड़ स्मार्टफोन बना रही है, जिसे 2020 तक 12 करोड़ करने का लक्ष्य है।
सैमसंग के देश में दो प्लांट नोएडा और श्रीपेरुंबदूर में हैं। सैमसंग इंडिया के सीईओ एचसी हांग ने कहा कि यह भारत सरकार के मेक इन इंडिया की सफलता का उदाहरण है। हम नोएडा प्लांट को विश्व में मोबाइल निर्यात का हब बनाएंगे। फिलहाल यहां मोबाइल फोन बनेगा। बाद में फ्लैट पैनल टेलीविजन और रेफ्रिजरेटर बनाने की योजना है।
यूपी में इन्वेस्टर मीट के दौरान करीब 35 हजार करोड़ निवेश के लिए देश-विदेश की कंपनियों के साथ एमओयू हुआ था। यूनिट के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु भी मौजूद थेे।