सबौर/पटना । बदलते मौसम के कारण कृषि के समक्ष कई चुनौतियां हैं। इससे निपटने के लिए नये-नये अनुसंधान की जरूरत है और इसमें कृषि विश्वविद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इन्हीं तथ्यों के मद्देनजर कृषि वैज्ञानिकों से विस्तार से परिचर्चा के लिए कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार 17-19 जुलाई तक बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में रहेंगे।
कृषि मंत्री सबौर में बीज प्रसंस्करण इकाई अजोला एवं वर्मी कम्पोस्ट इकाई, गव्य एवं मुर्गी प्रक्षेत्र, उद्यान इकाई, मधु प्रसंस्करण इकाई, जैव उर्वरक, टिशु कल्चर इकाई, पौधा प्रजनन, खाद्य विज्ञान, मशरूम इकाई एवं समेकित कृषि प्रणाली का समीक्षा करेंगे। कौशल विकास योजना के तहत सबौर में समेकित कृषि प्रणाली विषय पर आयोजित प्रशिक्षण एवं गव्य इकाई का उद्घाटन भी करेंगे। जरदालु आम, कतरनी धान एवं मगही पान के कृषकों की समस्याओं एवं सुझाव भी लेंगे।