मुजफ्फरपुर/पटना । मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन शोषण मामले को लेकर विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ लोकसभा में भी इसकी गूंज सुनाई दी। सत्ता पक्ष ने कहा मामले की जांच चल रही है। जो भी आरोपी होगा, उसे सजा मिलेगी।
इधर, बालिका गृह से लापता 6 लड़कियों की तलाश में मुजफ्फरपुर के साहू पोखर स्थित परिसर की खुदाई सोमवार (23 जुलाई) को हुई। कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर हुई। हालांकि वहां शव नहीं मिला। मिट्टी के नमूने को फॉरेन्सिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
एक पीड़िता ने बयान में कहा था कि उसकी एक दोस्त को रिमांड होम के कर्मचारियों ने पीटकर मार डाला एवं शव को परिसर में ही एक पेड़ के पास दफना दिया था। बालिका गृह में यौन उत्पीड़न मामले में नये तथ्य सामने आ रहे हैं। 2013 से 2018 के बीच 6 बच्चियां बालिका गृह से गायब हुईं हैं। रिमांड होम प्रबंधन ने उन्हें भगोड़ा बताया है। एसएसपी हरप्रीत कौर सभी मामलों की जांच में जुटी हैं।