मुख्य समाचार

अभी सूखे की स्थिति नहीं, 10 दिनों के बाद फिर होगी समीक्षा

पटना। बिहार को सूखाग्रस्त घोषित करने का फिलहाल कोई आधार नहीं है। अभी सूखे की स्थिति कहीं नहीं है। इसका आकलन पुनः 10 अगस्त के बाद किया जाएगा। मुख्यमंत्री फसल सहायता योजना के लिए आवेदन की तिथि 30 अगस्त कर दी गयी है। उपरोक्त निर्णय सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में संभावित बाढ़-सूखा पर आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया। 

सीएम ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रमंडलीय आयुक्त एवं डीएम को कहा कि 15 अगस्त से सितंबर के अंत तक बाढ़ की आशंका रहती है। इसके मद्देनजर राहत कार्य की पूरी तैयारी रखिए। कृषि विभाग, पीएचईडी, आपदा प्रबंधन, जल संसाधन एवं लघु जल संसाधन विभाग के अधिकारियों केे संपर्क में रहें। सभी प्रभारी सचिवों को पुनः फील्ड में जाने, समय पर धान की रोपनी व ट्यूबवेल को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया।

मुख्य सचिव दीपक कुमार ने बताया कि दो-तीन दिनों की अच्छी बारिश से वर्तमान में सामान्य से 23 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है जबकि 22 जुलाई तक बिहार में सामान्य से 48 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई थी। सूबे में धान की रोपाई करीब 50 फीसदी हुई है। मौसम विभाग ने 6-7 अगस्त से बिहार में अच्छी बारिश की संभावना बतायी है।

समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम, ऊर्जा, जल संसाधन, कृषि, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, पीएचईडी, संसदीय कार्य, पशु व मत्स्य संसाधन विभागों के मंत्री, सीएम के परामर्शी, विकास आयुक्त समेत कई विभागों के प्रधान सचिव व सचिव मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें