सबौर (भागलपुर) । राष्ट्रीय किसान विज्ञान कांग्रेस का आयोजन बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में 5 अगस्त से हो रहा है। तीन दिवसीय कार्यक्रम 7 अगस्त, 2018 तक है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय ने 8 वें स्थापना दिवस पर यह आयोजन किया है। आयोजन में 300 से अधिक किसान एवं कृषि वैज्ञानिक शामिल होेंगे।
मुख्य विषय : फसल उत्पादन, मूल्य श्रृंखला समायोजन एवं बाजार प्रबंधन के क्षेत्र में किसानों द्वारा विकसित नवाचार है। खेती के दौरान किसान कई समस्याओं का समाधान अपने स्तर से भी करते हैं। यही किसानों द्वारा विकसित नवाचार है। इन नवाचारों को वैज्ञानिक पद्धति से जोड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रीय किसान विज्ञान कांग्रेस का आयोजन हो रहा है।
5 अगस्त के कार्यक्रम का उद्घाटन जहां आईआईएम, अहमदाबाद के अतिथि अध्यापक पद्मश्री अनिल कुमार गुप्ता करेंगे, वहीं 6 अगस्त को कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार शिरकत करेंगे।
इस मौके पर केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कुलपति डाॅ आरसी श्रीवास्तव, पूर्व कुलपति डाॅ गोपालजी त्रिवेदी, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के रजिस्ट्रार जनरल डाॅ आरसी अग्रवाल, सीमिट इंडिया के प्रधान शस्यविद डाॅ एमएल जाट, सीमिट बिहार के वरीय शस्यविद डाॅ आरके मलिक, बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ अजय कुमार सिंह एवं निदेशक प्रसार शिक्षा डाॅ आरके सोहाने भी अपनी बात रखेंगे।