मुख्य समाचार

बुनकर मुद्रा योजना में 5 लाख तक लोन का प्रावधान  

पटना । प्रधानमंत्री बुनकर मुद्रा योजना के तहत बुनकरों को 50 हजार से 5 लाख तक का बैंक कर्ज देने का प्रावधान है। इसके अंतर्गत 6 से 7 फीसदी तक ब्याज अनुदान तथा 10 हजार मार्जिन मनी दिया जाता है। राज्य बैंकर्स कमिटी की अगली बैठक में अधिक से अधिक बुनकरों को इस योजना का लाभ दिलाने पर चर्चा होगी। राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस समारोह पर डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने उक्त बातें कहीं।

उन्होंने कहा केंद्र सरकार ने 18 करोड़ की लागत से भागलपुर में मेगा हैंडलूम कलस्टर के साथ 6.58 करोड़ की लागत से डेहरी, नवादा और बिहारशरीफ में भी हैंडलूम कलस्टर की स्थापना की है। भागलपुर के 7 और बांका के 3 प्रखंडों को मिला कर मेगा हैंडलूम कलस्टर की स्थापना की गई है। इसके अंतर्गत दोनों जिलों में एक-एक डाई हाऊस, डिजाइन स्टूडियो, 10 कलस्टर डेवलपमेंट, डिजाइनिंग व मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव की नियुक्ति की गई है। वहां बनुकर सेवा केंद्र के माध्यम से बुनकरों को बुनाई, छपाई व रंगाई आदि का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। 

राज्य सरकार जहां बुनकरों से सतरंगी चादर स्कीम के तहत चादर खरीद कर रही है, वहीं ईसी रेलवे ने 30 हजार चादर और 50 हजार तकिया कवर निर्माण का आॅडर दिया है। राज्य व केन्द्र सरकार खादी के साथ हर स्तर पर हस्तकरघा को बढ़ावा देने के लिए तत्पर है। बापू ने भी कहा था आजादी का हथियार स्वदेशी है, गरीबी से लड़ाई का हथियार हस्तकरघा है। 
 


संबंधित खबरें