मुख्य समाचार

50 माइक्रोन से कम के पाॅलिथीन पर लगेगी रोक

पटना । शहरी क्षेत्रों में 50 माइक्रोन से कम के पाॅलिथीन बैग एवं सिंगल यूज वाले प्लास्टिक के उत्पादन, वितरण और उपयोग को सरकार प्रतिबंधित करेगी। इसके लिए अधिसूचना प्रारूप जारी कर लोगों की राय ली जायेगी। दंड का भी प्रावधान होगा। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने बीआईटी मेसरा पटना के सभागार में उक्त बातें कहीं। उन्होंने छात्र व आम लोगों से पर्यावरण संरक्षण व प्रदूषण नियंत्रण के लिए दिलाए गए 11 सूत्री संकल्प पर अमल करने का आह्वान किया।  

डिप्टी सीएम ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का सबसे अधिक प्रभाव कृषि एवं गरीबों पर पड़ रहा है। बिहार में पिछले साल नवंबर में काफी ठंड पड़ी, जिसकी वजह से हजारों एकड़ में मक्के की फसल में दाना नहीं आया। बिहार के कई इलाकों में भीषण बाढ़ आई, जहां पहले कभी नहीं आई थी। बाढ़ का बहुत बड़ा कारण पेड़ों की अंधाधुंध कटाई है। 

पेरिस समझौता से इनकार करने वाले अमेरिका ने दुनिया को सबसे अधिक प्रदूषित किया है। अमेरिका में प्रति वर्ष प्रति व्यक्ति 16.9 टन, रूस में 10.19 टन, यूरोपियन यूनियन में 6.9 टन तथा चीन में 7.7 टन जबकि भारत मात्र 1.6 टन कार्बन उत्सर्जित करता है। अमेरिका ने तो उत्सर्जन को कम करने से भी इनकार कर दिया है। भारत ने तय किया है कि 2022 तक उसे जितनी बिजली की जरूरत है। उसका एक तिहाई हिस्सा वैकल्पिक ऊर्जा से प्राप्त करेगा।

यह पृथ्वी केवल इंसानों के लिए नहीं, बल्कि जीव-जंतु, पहाड़, नदी, पेड़-पौधे सभी के लिए है। इसे सहेजना और शुद्धतम रूप में अपनी भावी पीढ़ी को सौंपना हमारा दायित्व है। 

इस मौके पर शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन प्रसाद वर्मा, विधायक अरुण कुमार सिन्हा, प्रधान सचिव त्रिपुरारी शरण, प्रधान मुख्य वन संरक्षक डाॅ डी के शुक्ल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
 


संबंधित खबरें