मुख्य समाचार

वायु प्रदूषण से भारतीयों की औसत आयु डेढ़ साल कम 

पटना । वायु प्रदूषण के कारण भारतीयों की औसत आयु डेढ़ साल कम हो गयी है। हवा में 2.5 पीएम धूलकण मानक से अधिक मात्रा के कारण बीमारी से 7 लाख लोगों की हर साल मृत्यु हो जाती है जबकि दुनिया में 80 लाख लोगों की मौत की वजह भी ऐसी ही बीमारियां हैं । ग्रीन स्कील डेवलपमेंट प्रोग्राम  को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने उक्त बातें कहीं । कार्यक्रम का आयोजन भारतीय नृत्यकला मंदिर में आद्री ने किया था। 

डिप्टी सीएम ने कहा प्लास्टिक भी प्रदूषण की बड़ी वजह है । 50 माइक्रोन से कम मोटाई के प्लास्टिक थैले और सिंगल यूज प्लास्टिक को प्रतिबंधित करने की तैयारी हो रही है। केंद्र सरकार के अधीन कम्पेंसेटरी वनरोपण निधि के अंतर्गत 66 हजार करोड़ जमा है । इसमें से बिहार को मिलने वाली 465 करोड़ राशि का उपयोग पौधारोपण व उससे जुड़े कार्यों में होगा । पटना में जल्द ही पाइप से क्लीन एनर्जी की आपूर्ति व सीएनजी स्टेशन काम करना शुरू कर देगा। 

बिहार में पानी की कमी नहीं है। कई जिलों में 10-15 फीट नीचे पानी मिल जाता है । दो-तिहाई जिलों के पानी आर्सेनिक, फ्लोराइड व आयरन से प्रभावित हैं। इस कारण कई तरह की बीमारियां व कैंसर का रोग बढ़ रहा है। भारत सरकार के हरित कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत पहले चरण में आद्री ने 40 लोगों को जल, वायु व मिट्टी का अंकेक्षण, वन, कचरा, वन्य जीव व सीवरेज प्लांट प्रबंधन आदि का प्रशिक्षण दिया है । हरित कौशल के प्रशिक्षणार्थियों की पर्यावरण संरक्षण व जलवायु परिवर्तन से मुकाबला में महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
 


संबंधित खबरें