मुख्य समाचार

वृक्षों को राखी बांध पर्यावरण सुरक्षा का लिया संकल्प

पटना । राजधानी वाटिका (इको पार्क) में ‘ बिहार वृक्ष रक्षा दिवस ’ पर पेड़ों को रक्षा सूत्र बांध कर सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने वृक्ष व पर्यावरण की रक्षा का संकल्प दुहराया । 2012 से प्रतिवर्ष रक्षाबंधन पर समारोह का आयोजन हो रहा है। राजधानी वाटिका में पौधारोपण भी हुआ । स्कूली बच्चों व उपस्थित आगंतुकों ने भी पेड़ों को रक्षा सूत्र बांध कर पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प लिया। स्कूली छात्र-छात्राओं को उपहार स्वरूप पौधे दिए गए एवं मोबाइल एप ‘हरियाली’ की जानकारी दी गयी। 

समारोह के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि पर्यावरण व वन विभाग के नाम में अब जलवायु परिवर्तन भी जुड़ जायेगा । 1 अगस्त से शुरू वन महोत्सव के दौरान पर्यावरण व वन तथा ग्रामीण विकास विभाग ने डेढ़ करोड़ लक्ष्य के विरुद्ध  क्रमश: 83 व 33 लाख पौघारोपण किया है। शेष बचे 34 लाख पौधे भी 31 अगस्त तक लग जायेंगे । पौधारोपण में रुचि लेने वाले व्यक्ति व संस्थाओं को डाॅल्फिन दिवस पर (5 अक्टूबर) सम्मानित किया जायेगा। 

पटना विश्वविद्यालय में शीघ्र ही 19 करोड़ की लागत से देश का इकलौता डाॅल्फिन रिसर्च सेंटर बनेगा । पटना एम्स से दीघा के बीच  8 किमी की दूरी में सड़क के दोनों ओर 4 हजार से अधिक पौधे घेरे में लगाए गए हैं । वन विभाग लगातार इनकी देखभाल कर रहा है। वन महोत्सव के दौरान कैमूर में एक दिन में 2.5 लाख पौधारोपण हुआ ।  

इस मौके पर ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, विधायक श्याम रजक व अरुण कुमार सिन्हा, मुख्य वन संरक्षक डीके शुक्ला, सीएम  के ओएसडी गोपाल सिंह समेत कई गण्यमान्य उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें