मुख्य समाचार

कृषि उद्यमी बनाने में सहायक होगा इनक्यूबेशन सेंटर

सबौर (भागलपुर) । बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के कुलपति डाॅ अजय कुमार सिंह ने कहा कि यदि कृषि का विकास करना है, तो उद्यमिता विकास  पर जोर देना होगा । आने वाले समय में विश्वविद्यालय इनक्यूबेशन सेंटर की स्थापना करेगा, जिसके तहत नवयुवकों को उद्यमी बनाने में सफलता मिलेगी। डाॅ अजय आईसीएआर से वित्तपोषित 21 दिवसीय समर स्कूल के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। 

समर स्कूल का विषय बिजनस इनक्यूबेशन एवं मूल्य श्रृंखला से किसानों की आय दोगुना करना था। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक (प्रसार शिक्षा) सह कोर्स डायरेक्टर डाॅ आरके सोहाने, कोर्स को- आॅर्डिनेटर डाॅ रामदत्त व श्रीधर पाटिल ने भी अपने विचारों को रखा।

पूर्णिया विश्वविद्याल के वीसी प्रो. राजेश कुमार का कहना है कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए बाजार में किसानों की भागीदारी अधिक करनी होगी। महिला आयोग की सदस्य डाॅ निक्की हेम्ब्रम ने कहा कि कृषि एवं संबद्ध विषयों में आपार संभावनाएं हैं, जिसमें महिलाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित कर सकते हैं। 

प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास, आइडिया इनक्यूबेशन, मूल्य श्रृंखला, बाजार प्रबंधन, निर्यात एवं आयात, पैकेजिंग-ब्रांडिंग पर चर्चा हुई। साथ ही व्यावसायिक फल की खेती, फल एवं सब्जी प्रसंस्करण, व्यावसायिक नर्सरी, वैज्ञानिक तरीके से बीज उत्पादन, वर्मीकम्पोस्ट, मशरूम, शहद उत्पादन, बायोफर्टिलाइजर एवं टिश्यू कल्चर से केला के पौध तैयार करने पर भी चर्चा हुई।

देश के जाने माने विशेषज्ञ देव संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार के पूर्व कुलपति प्रो. एस. पी. मिश्रा, उद्यमिता विकास केंद्र, एक्सएलआरआइ के पूर्व अध्यक्ष डाॅ प्रबल कुमार सेन, विकास प्रबंधन संस्थान, पटना के प्रो. नीरज कुमार, भूमिजा की सीईओ गौरी सरिन, राष्ट्रीय लीची संस्थान मुजफ्फरपुर के निदेशक डाॅ विशाल नाथ ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया । देश के विभिन्न कृषि संस्थानों के 24 वैज्ञानिकों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।


संबंधित खबरें