पटना/भागलपुर । आयकर विभाग ने सृजन घोटाला मामले में रेखा मोदी समेत छह लोगों के आवास एवं व्यावसायिक ठिकानों पर 6 सितंबर, 2018 को छापेमारी की । रेखा मोदी का पटना के एसपी वर्मा रोड स्थित सरस्वती अपार्टमेंट में फ्लैट एवं शहर में ही एक शाॅप है । उन पर सृजन संस्था के संचालकों के जरिए बड़ी मात्रा में ज्वेलरी खरीदने का आरोप है ।
आयकर की टीम ने भागलपुर में विपिन शर्मा, किशोर घोष, पीके घोष, पवन मेहरिया एवं दीपक वर्मा के आवास एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की । इनके भागलपुर व अन्य जगहों पर ब्रांडेड कंपनियों के शोरूम हैं । विभाग इनकी संपत्ति और इनकम टैक्स रिटर्न की भी जांच करेगा ।
रेखा मोदी बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी की दूर की चचेरी बहन हैं । इस मामले में सुशील मोदी ने ट्विट कर कहा कि मेरी 10 साल से रेखा मोदी से मुलाकात नहीं है। उसके साथ मेरा कोई बिजनस और वित्तीय लनेदेन भी नहीं है। रेखा मोदी और उसके भाई पर कई क्रिमिनल और सिविल केस के मामले दर्ज हैं। उन्होंने पहले भी कहा था कि सीबीआई या किसी भी जांच एजेंसी को रेखा मोदी के खिलाफ कोई साक्ष्य मिलता है, तो कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
सृजन घोटाला एनजीओ सृजन, बैंक, कोषागार एवं जिला प्रशासन की मदद से हुआ है । राज्य सरकार की अनुशंसा पर सीबीआई अगस्त 2017 से जांच कर रही है।