मुख्य समाचार

भारत-नेपाल बस सेवा शुरू, सीएम ने दिखाई हरी झंडी 

पटना । भारत-नेपाल बस सेवा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 11 सितंबर, 2018 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ये बसें बोधगया सेे काठमांडू और पटना से जनकपुर जायेंगी । बस रवाना करने से पहले सीएम ने आधुनिक तकनीक एवं सुविधाओं से सुसज्जित बसों का जायजा लिया । 

पटना-जनकपुर की 4 एसी बसें पटना-मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-भिट्ठा मोड़ होते हुए जनकपुर जाएंगी । इसी तरह बोधगया-काठमांडू की 4 एसी बसें गया-पटना-मुजफ्फरपुर-मोतिहारी-रक्सौल-वीरगंज होते हुए काठमांडू पहुंचेंगी । बोधगया-काठमांडू का किराया 1250 रुपये जबकि पटना से काठमांडू का किराया 1015 रुपये है। पटना-जनकपुर का किराया 275 रुपये है। विदेश मंत्रालय ने पीपीपी मोड पर बस सेवा की अनुमति दी है । 

बोधगया मंदिर मैनेजमेंट कमेटी के सचिव नांग्जे दोरजे व चीफ मोंक चालिंदा ने सीएम को अंगवस्त्र भेंटकर अभिनंदन किया । बिहार और नेपाल के कलाकारों ने लोककला का प्रदर्शन भी किया । परिवहन मंत्री संतोष निराला और परिवहन सचिव संजय अग्रवाल ने सीएम को स्मृति चिन्ह (पशुपतिनाथ मंदिर) भेंट की।

इस अवसर पर बोधगया के बौद्ध भिक्षु , नेपाल से आए प्रतिनिधि, मुख्य सचिव दीपक कुमार,आपदा प्रबंधन प्राधिकार के सदस्य उदय कांत मिश्र, सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव मनीष कुमार वर्मा, निदेशक सूचना व जनसंपर्क अनुपम कुमार, डीएम कुमार रवि समेत परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें