गया । पितृपक्ष मेला 2018 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में गया समाहरणालय में समीक्षा बैठक हुई । मेला 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक है । डीएम अभिषेक सिंह ने मेले की तैयारियों की जानकारी दी । मोबाइल एप्प, काॅल सेंटर, वेबसाइट एवं हेल्पलाइन नंबर (8448596580) से श्रद्धालुओं को सूचना मिलेगी ।
समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि पितृपक्ष मेले मे बड़ी संख्या में लोग श्रद्धा केे साथ पहुंचते हैं । यह राजकीय मेला है। ऐसे में स्वच्छता का पूरा प्रबंध हो । घाट, तालाब एवं मार्गों की नियमित सफाई, पुनपुन तक परिवहन की सुगम व्यवस्था एवं 24 घंटे बिजली की निर्बाध आपूर्ति होनी चाहिए । मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मेले में आने वाले दिव्यांग एवं वृद्ध व्यक्तियों को विशेष सुविधा मिले । असामाजिक तत्वों पर नजर, रेलवे प्लेटफाॅर्म पर सीसीटीवी लगाने व मेला परिसर में जर्जर बिजली तार बदलने का भी निर्देश दिया ।
गया में लगने वाले रोप वेे पर भी चर्चा हुई । सीएम ने कहा कि राजगीर और बांका में रोपवे का काम हो रहा है । ऐसे में यहां होने वाली परेशानी का तत्काल समाधान खोजना चाहिए । इससे पहले उन्होंने विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना की । जिला प्रशासन ने लघु वृत्तचित्र ‘पितृपक्ष महासंगम ’ का भी प्रदर्शन किया ।
समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री, कृषि मंत्री, सांसद व विधायक, मुख्य सचिव, डीजीपी, प्रधान सचिव आमिर सुबहानी, चंचल कुमार, ब्रजेश मेहरोत्रा, चैतन्य प्रसाद व संजय कुमार, सचिव संजय अग्रवाल व मनीष वर्मा, एएसएसपी समेत कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।